पटेहरा। लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार बाजार से संतनगर पुलिस ने मोबाइल टाॅवर की बैट्री चोरी करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 23 बैट्री और अन्य सामान बरामद किया।
यह जानकारी एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। एएसपी के अनुसार सोनभद्र जिले के कोन थाना क्षेत्र के नेरुयादामर गांव निवासी अजय गुप्ता ने पांच अक्तूबर को थाने में तहरीर देकर बताया कि वे एक कंपनी में सुपरवाइजर हैं और पड़रिया खुर्द स्थित टॉवर से 24 बैट्रियां चोरी हो गई हैं। तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार बाजार से बैट्री चोरी के करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया गया कि उनका एक गैंग है। जो दिन में रेकी कर रात में योजनाबद्ध तरीके से टॉवरों में लगी बैट्री चोरी करते हैं। बैट्री मौके से ले जाने व बेचने के लिए वे मैजिक वाहन का उपयोग करते हैं। वे लालगंज थाना क्षेत्र के कबाड़ व्यवसायी राजेश उर्फ राजू को चोरी की बैट्री बेच देते हैं। चोरी की बैट्री की बिक्री से प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लेते हैं। एएसपी के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वे पूर्व में सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र व मिर्जापुर के मड़िहान व संतनगर थाना क्षेत्र से करीब 85 बैट्रियां चोरी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी राजू उर्फ छोटू पटेल निवासी गोपलपुर थाना मड़िहान, अनमोल मौर्या, हरेन्दर कुमार, सूरज मौर्या, ओम कुमार उर्फ बाबा, राजेश उर्फ राजू (कबाड़ी) निवासी पतारकला दुबार थाना लालगंज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके पास से चोरी की 13 बैट्रियों के अलावा 23 हजार 300 रुपये नकद व एक मैजिक वाहन बरामद किया गया।