राजगढ़। थाना क्षेत्र के राजगढ़ बाजार के समीप रविवार की रात साइकिल सवार की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
मड़िहान थाना क्षेत्र के लालपुर नौडिहां गांव निवासी रामू (38) पुत्र सरजू ददरा बाजार में कमरा लेकर रहते थे और नदिहार बाजार में मजदूरी का कार्य करते थे। प्रतिदिन की भांति रामू नदिहार बाजार से काम करके रविवार की रात साइकिल से ददरा स्थित अपने कमरे पर लौट रहे थे। रास्ते में शाम करीब साढ़े छह बजे राजगढ़ बाजार से कुछ ही दूरी पर स्थित मिर्जापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर कर्बला के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पहचान कराकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राजगढ़ राणा प्रताप यादव ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है।