मिर्जापुर। कछवां थाना पुलिस ने शनिवार को चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए छह लाेगाें को गिरफ्तार किया। उनके पास से काफी मात्रा में चोरी का इलेक्ट्रानिक सामान बरामद किया। कछवां थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि छह अप्रैल को दिनेश कुमार सिंह निवासी बरैनी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि घर का छज्जा तोड़ कर तार और प्लंबर के सामान की चोरी हो गए हैं। प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही थी। शनिवार को चोरी के आरोपी सुरेश यादव निवासी सहसेपुर थाना औराई भदोही, स्वतंत्र कुमार उर्फ पिंटू निवासी ग्राम गौड़ थाना मिर्जामुराद वाराणसी, शिवदयाल निवासी टाड़ कोतवाली देहात, आकाश यादव उर्फ आदर्श निवासी बजहां थाना कछवां, वैभव सिंह उर्फ बाबी निवासी सहसेपुर, थाना औराई, भदोही व अर्जुन शर्मा निवासी बजहां को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से चोरी का बैटरी का इनवर्टर, चार बंडल तार, आठ साउंड स्पीकर, चार एम्पलीफायर, एक साउंड मिक्सर, तीन माइक, एक कंप्यूटर सेट व अन्य बिजली के सामान, बाइक के पार्टस इंजन व अन्य सामान, चोरी में प्रयुक्त औजार, एक पिकअप वाहन, एक बाइक बरामद किया। पूछताछ में बताया कि उनका संगठित गिरोह है। जिसके द्वारा दिन में रेकी कर दुकान, गोदाम व कार्यक्रम स्थलों से रात में चोरी की घटना को अंजाम देते है ।