लालगंज/हलिया। हलिया थाना क्षेत्र के लालापुर गांव में बीते दिनों संदिग्ध हालात में फंदे से लटकर महिला की मौत मामले का सीओ लालगंज सुशील कुुमार यादव ने शनिवार को लालगंज कार्यालय पर खुलासा किया। गांव निवासी सफाईकर्मी ने उधार के साठ हजार रुपये वापस न देना पड़े इसलिए महिला की गला दबाकर हत्या करा दी थी। हलिया पुलिस ने स्टेट बैंक के आगे दीपनगर रोड पर नहर पुलिया के पास से आरोपित सफाईकर्मी रामगोपाल को गिरफ्तार किया।
दो मार्च को हलिया थाना क्षेत्र के लालापुर गांव गांव निवासी सीता देवी (44) का फंदे से लटका शव बरामद हुआ था। प्रयागराज के कोरांव बेलहट निवासी हरिकृष्ण सिंह ने थाने पर फोन की सूचना दी कि उसकी बहन का शव फंदे पर रस्सी व कपड़े के सहारे लटका हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चार मार्च को मुंबई से लौटे सीता देवी के पुत्र नीरज कुमार सिंह नेे थाने में तहरीर देकर गांव के ही एक व्यक्ति पर धन के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया।
हलिया थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने शनिवार की सुबह स्टेट बैंक के आगे दीपनगर रोड नहर पुलिया से आरोपित रामगोपाल धरिकार को गिरफ्तार किया। सीओ लालगंज ने बताया कि आरोपित सफाईकर्मी है। पूछताछ पर रामगोपाल ने बताया कि उसने सीता देवी से रुपये उधार लिए थे। सीता धन वापस मांग रही थी। रुपये न देना पड़े इसलिए उसने सीता की हत्या कर दी। इसके बाद रस्सी से उसके शव को फंदे पर लटका दिया।