फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसआईआर : वोटर आईडी न होने से मतदाताओं की बढ़ी परेशानी

विज्ञापन
बरियाघाट ​स्थित संस्कृत महाविद्यालय में बीएलओ से जानकारी लेते ईओ जी लाल, संवाद
विज्ञापन
मिर्जापुर। मतदाता सूची में विशेष पुनरीक्षण का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। अंतिम तिथि चार दिसंबर है। इसे लेकर एक ओर जहां प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं तो वहीं जिन वोटरों का विवरण नहीं मिल पा रहा है, उनकी बेचैनी भी बढ़ रही है।
विज्ञापन

पिछले दो वर्षों में बने 5,000 युवा मतदाताओं की समस्या यह है कि उनके पास मतदाता पहचान पत्र ही नहीं है। उनका नाम दर्ज है लेकिन पहचान पत्र न होने से वह नाम खोज नहीं पा रहे हैं। बीएलओ का कहना है कि इपिक उनका नंबर से तो खोजा जा सकता है लेकिन नाम से विवरण खोजना संभव नहीं। वैकल्पिक पहचान पत्र का प्रयोग होने से उस समय यह समस्या नहीं आई लेकिन अब जबकि एसआईआर हो रहा है तो मतदाता पहचान पत्र की जरूरत पड़ रही है, बीएलओ के पास इतना समय नहीं है कि वह पूरी सूची में मतदाता का नाम खोजे।
जिगना : एसआईआर की प्रगति धीमी होने वाले बूथों पर डीपीआरओ संतोष कुमार और तहसीलदार लालगंज दीक्षा पाण्डेय ने क्षेत्र में भ्रमण कर बीएलओ को प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया। डीपीआरओ संतोष कुमार ने गोनौरा और रन्नोपट्टी में जब तक कार्य पूर्ण न हो तब तक बीएलओ को कार्य करने को कहा। बूथ-328 नरोइया की प्रगति 38 प्रतिशत,गोनौरा में बूथ 419 पर 44 प्रतिशत, रन्नोपट्टी बूथ 412 पर 44 प्रतिशत एसआईआर की प्रगति थी। अफसरों ने इसे बढ़ाने का निर्देश दिया। तहसीलदार दीक्षा पांडेय ने गोगांव, खैरा, मिश्रपुर आदि गांवों का निरीक्षण किया। राजस्व निरीक्षक ओम प्रकाश उपाध्याय और बीडी बिंद, सहायक विकास अधिकारी पंचायत बृजेश सिंह ने बूथों पर पहुंच कर स्थिति की जानकारी ली। कई बीएलओ ने बताया कि लोग आधार कार्ड जल्दी नहीं दे रहे हैं, इससे भी परेशानी हो रही है।
विज्ञापन

लालगंज: मतदाता पुनरीक्षण में इस बार मोबाइल से मतदाता खोजे जा रहे हैंं। गांव में जिन घरों पर ताला बंद है। उनके मतदाता गुजरात, मुंबई, दिल्ली जैसी औद्योगिक नगरीयों में नौकरी और काम धंधे में व्यस्त हैं। ऐसे लोगों को सूची में सुव्यवस्थित दर्ज करने में बीएलओ जुटे हुए हैं। बीएलओ ने बताया कि घर बंद मिलता है पर फोन उठाते ही उधर से आवाज आ जाती है—मैं सूरत में हूं, मुंबई में ड्यूटी पर हूं, दिल्ली से बोल रहा हूं और यहीं से फॉर्म भरवाने की पूरी मेहनत शुरू हो जाती है। 2003 के बाद जन्मे मतदाताओं से पहचान संबंधी प्रपत्र व्हाट्सएप पर मंगाने तक के प्रयास करने पड़ रहे हैं।
-
मड़िहान : बूथ-24 व 25 में 1500 मतदाता 250 परिवार ऐसे जिनका 2003 से पहले का रिकॉर्ड नहीं
पटेहरा। मड़िहान एसडीएम अनेग सिंह ने शनिवार को पटेहरा कला के कंपोजिट विद्यालय के बूथ-22 व 23, बहरछठ विद्यालय के बूथ-24 व 25 समेत कई बूथों का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बहरछठ बूथ-25 के बीएलओ को 50 प्रतिशत से कम फीडिंग पर चिंता जताई । बूथ-24 व 25 में 1500 से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 250 ऐसे मतदाता हैं जिनका 2003 की सूची में कोई रिकॉर्ड नहीं है। ना ही ऐसे मतदाता अपना रिकॉर्ड दे पा रहे हैं। एसडीएम ने तत्काल बीडीओ को फोन कर बीएलओ के साथ कर्मचारी लगाने और 100 प्रतिशत कार्य के निर्देश दिए। एसडीएम अनेग सिंह ने बताया कि 30 नवंबर तक 100 प्रतिशत कलेक्शन कर फॉर्म की फीडिंग जरूरी है जिसके लिए सभी लोग लगकर इसे पूरा कराएंगे।


वर्जन
मतदाता सूची ऑनलाइन भी उपलब्ध है। उसमें अपने घर परिवार के नाम के हिसाब से देखा जा सकता है। साथ ही हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं। उनसे भी मदद ली जा सकती है। अभी तक एसआईआर में 58 प्रतिशत की प्रगति है। इसे शत प्रतिशत करने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन

- अजय कुमार सिंह, उपजिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें