थाना क्षेत्र के अगरसंड गांव स्थित हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर रविवार की रात चोरों ने चांदी के सामान समेत पीतल की चोरी कर ली। ग्रामीण दीपनारायण सिंह ने सोमवार को अदलहाट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना के अगरसंड गांव स्थित हनुमान मंदिर में रविवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां से चांदी का मुकुट, गदा, कटोरी, गिलास, टीका, पीतल का घंटा उठा ले गए। सोमवार की सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो पता चला। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले विगत अप्रैल माह में भी मंदिर का ताला तोड़कर चोर इन्वर्टर, बैटरी और घंटा उठा ले गए थे, लेकिन उस घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। कार्रवाई की जाएगी।