चुनार। नगर के परेड ग्राउंड पर प्रस्तावित मिनी स्टेडियम के अन्यत्र स्थानांतरित होने की चर्चा के बाद युवाओं का आक्रोश बढ़ता नजर आ रहा है। नगर के युवाओं ने मंगलवार से नगर में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया।
युवाओं का कहना है कि वर्षों से नगर क्षेत्र में एक स्टेडियम बनाये जाने की मांग होती रही। परिणाम स्वरूप सपा सरकार में परेड ग्राउंड पर मिनी स्टेडियम प्रस्तावित हुआ। जिसके बाद युवा आउट डोर, इनडोर गेम का बेहतर प्रदर्शन करने का सपना देखने लगे थे। लेकिन स्टेडियम के स्थानांतरित करना निराशाजनक है। नगर के उत्तरी छोर स्थित परेड ग्राउंड पर युवा बहुत पहले से ही दौड़, वालीबाल, फुटबाल इत्यादि खेलों का अभ्यास करते हैं। नगर पालिका एवं ग्रामीण अंचलों के तमाम युवाओं ने इसी परेड ग्राउंड से सुविधा एवं संसाधनों के अभाव में भी अभ्यास कर बेहतर खेल प्रदर्शन के जरिये अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेलों में भी प्रतिभाग कर देश का नाम रोशन किया है। इतना ही नहीं इस परेड पर अभ्यास करने वाले तमाम युवाओं ने भारतीय सेना व अन्य विभागों में खेल आरक्षण के तहत सेवारत हैं। हस्ताक्षर अभियान के दौरान सभासद करतार सिंह, दीपक कुशवाहा, लोदी यादव, कमरवसीम, गनेश कन्नौजिया, मनीष अग्रवाल आदि प्रमुख मौजूद रहे ।