किसान को मृत दिखा कर हड़प ली जमीन
मड़िहान तहसील के हसरा गांव में गत दिनाें किए गए फर्जी बैनामा व वरासत करने का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि धनावल गांव में एक और मामला प्रकाश में आ गया। तहसील दिवस पर मामले की शिकायत करने पर डीएम ने ऐसे लापरवाह अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए पूरे मामले की जांच एक सप्ताह के अंदर कर रिपोर्ट देने का निर्देश एसडीएम मड़िहान को दिया है।
मड़िहान तहसील क्षेत्र के धनावल गांव निवासी सुक्कल 55 वर्ष को मृत दिखा कर उसकी सात बीघे जमीन गांव के ही दशरथ पुत्र चिनार के नाम फर्जी तरीके से वरासत कर दिया गया। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने तहसील दिवस पर प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जमीन वापस दिलाने की मांग की।
इस तरह के फर्जी वरासत को देखते ही जिलाधिकारी ने तहसील अधिकारियों के खिलाफ एसडीएम मड़िहान को जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसी गलती दोबारा हुई तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
कहा कि इसमें जो भी शामिल हैं उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए पूरे मामले की जांच कर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट दी जाए। डीएम के कड़े रुख के बाद तहसील अधिकारियों व कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।