मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के बेलहरा मोड़ के पास 20 दिन पूर्व गोली मारकर किए गए राजेश यादव की हत्या मामले में पुलिस ने गुरुवार को हत्याकांड में सिमकार्ड बेचने के आरोपी दुकानदार और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्याकांड में साजिशकर्ता अखिलेश दुबे और दो शूटर फरार हैं। साथ ही हत्या में प्रयुक्त असलहा भी बरामद नहीं हो सका है।
हरदी खुर्द गांव निवासी पूर्व प्रधान राजेश यादव की 20 नंवबर को घर जाते समय गोली मारकर हत्या कर दिया गया था। हत्या करने वालों ने पटेहरा के एक मोबाइल की दुकान से फर्जी सिम कार्ड खरीदा था। उसी सिम कार्ड का प्रयोग हत्या में शामिल अपराधियों ने किया था। मामले में पुलिस ने बुधवार को राजेश यादव के साथी बाबू खान, कपिल चौबे व उसके पुराने चालक कृपाशंकर को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तमंचा और कारतुस के साथ मोबाइल बरामद किया। हत्याकांड में साजिशकर्ता अखिलेश दुबे पुत्र राम रेखा दुबे निवासी विसुंदरपुर के साथ हत्या करने वाले दोनों शूटर फरार चल रहे है। राजेश के पूर्व चालक कृपाशंकर ने पटेहरा के मोबाइल दुकान से फर्जी सिम व मोबाइल खरीदा था। हत्या की साजिश में फर्जी सिम कार्ड व मोबाईल उपलब्ध कराने वाले दुकानदार दीपचन्द मौर्या पुत्र रामनरायण मौर्या निवासी पटेहरा थाना मड़िहान व दुकानदार से सिम कार्ड व मोबाइल खरीदने में सहयोग करने वाला आरोपी प्रदीप कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासी गोडटुटवा को सिरसी मोड़ के पास से पुलिस ने गिफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उनके पास से एक मोबाइल और दो सिमकार्ड बरामद किया।