मिर्जापुर। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर पालिका के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विंध्य क्षेत्र में खाली पड़े स्थान पर शेड व शौचालय बनवाने के लिए कहा गया है जिससे जो भी दर्शनार्थी बाहर से आएं, उनको किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
प्रयागराज से सटा हुआ जिला और मां विंध्यवासिनी का धाम होने के कारण जिले में काफी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। उसी के अनुरूप तैयारियां की जा रही हैं। इसको देखते हुए प्रशासन की तरफ से नगर पालिका को मानिकी बाई ट्रस्ट के पास के खाली पड़े स्थान पर दोनों तरफ शेड व शौचालय की व्यवस्था के साथ ही रैंप भी बनवाने का निर्देश दिया है। ताकि भीड़ ज्यादा होने पर लोगों को इन स्थानों पर ठहराया जा सके। इसके साथ ही कई और स्थानों पर बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था कराने को कहा है। प्रशासन ने गंगा तट पर प्रकाश और वस्त्र बदलने के लिए शेड भी बनाने को कहा है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी जी लाल ने बताया कि जिलाधिकारी ने जो निर्देश दिया है, उसके अनुसार जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।