मिर्जापुर। शारदीय नवरात्र के दौरान दर्शनार्थियों की सुविधा को देखते हुए नगर पालिका परिषद मिर्जापुर ने विंध्याचल क्षेत्र में वाहन स्टैंडों को अंतिम रूप दे दिया है। विंध्याचल मेला क्षेत्र में 10 स्थानों पर वाहन स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। इन स्टैंडों के लिए शुल्क भी निर्धारित कर दी गई है। स्टैंडों पर वाहनों को खड़ी करने पर शुल्क की दर स्टैंड संचालकों को बड़े अक्षरों में प्रदर्शित करना होगा। ये वाहन स्टैंड नवरात्र के पहले दिन से शुरू हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य काॅरिडोर की वजह से इस बार अधिक भीड़ होने की संभावना है। मुख्यमंत्री स्वयं अवैध वाहन स्टैंडों के खिलाफ हैं।
नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने के लिए दूर-दूर से दर्शनार्थी अपने संसाधनों से आते हैं। उनको सबसे बड़ी समस्या वाहनाें की पार्किंग को लेकर होती है। जो लोग बहुत दूर से आते हैं और धर्मशाला, होटल अथवा किसी तीर्थपुरोहित के निवास पर रुकते हैं, उनको तो समस्या नहीं होती है, लेकिन जो लोग यहां आने के बाद दर्शन कर तत्काल वापस लौटना चाहते हैं, उनको वाहनों की पार्किंग की समस्या झेलनी पड़ती है। जानकारी के अभाव में उनको मनमाना शुल्क तो देना ही पड़ता है, साथ ही वाहन चोरी आदि का भी भय बना रहता है। निर्धारित स्टैंडों पर चार घंटे के लिए बसें खड़ी करने पर 50 रुपये, कार व जीप के लिए 25 रुपये तथा बाइक के लिए 10 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने दर्शनार्थी अपने संसाधनों से मुख्य रूप दो तरफ से आते हैं। पहला प्रयागराज, सोनभद्र अथवा लालगंज और मध्य प्रदेश की ओर से आने वाले वाहन होते हैं। ये वाहन अमरावती चौराहा की तरफ से विंध्याचल में प्रवेश करते हैं। दूसरा जो महत्वपूर्ण मार्ग है वह नगर की ओर से आने वाला मार्ग है। इस पर भीड़ अधिक रहती है। इस मार्ग के वाहन कंतित की ओर से विंध्याचल में प्रवेश करते हैं। इस मार्ग से वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, भदोही व नगर की ओर से विंध्याचल में प्रवेश करते हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए वाहन स्टैंडों की व्यवस्था की गई है। पहले मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए रेहड़ा चुंगी के पास स्टैंड, पटेंगरा नाला वाहन स्टैंड, विंध्याचल (लाल साहब का हाता), मोतिया झील मार्ग पर शौचालय के पास वाहन स्टैंड तथा रोडवेज के पास बड़े हनुमान पर टैंपो स्टैंड की व्यवस्था की गई है।
इसी प्रकार दूसरे मार्ग से आने वाहनों के लिए मिर्जापुर-वाराणसी-गाजीपुर यूनियन वाहन स्टैंड, कंतित, चौरी एवं जौनपुर प्राइवेट बस स्टैंड, कतिपुरवा, शिवनन्दो वाहन स्टैंड कतिपुरवा, काशी नरेश बगीचा वाहन स्टैंड, बरतर तिराहा, मोतिया झील मार्ग पर शौचालय के पास वाहन स्टैंड, आशा चौरसिया, बरतर तिरहा, मोटर साइकिल वाहन स्टैंड, संदीप मिश्रा, मोतिया झील पर वाहन स्टैंड की व्यवस्था की गई है। नगर पालिका की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि वाहन स्टैंड संचालकों को अपने स्टैंड पर शौचालय, छाया के लिए टिन शेड, पानी की व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा प्रकाश तथा वाहन पार्किंग शुल्क की दर का विज्ञापन पट्ट पर प्रकाशन करना आवश्यक होगा। निर्धारित शुल्क की रसीद भी वाहन स्वामी को देनी होगी। सभी वाहन स्टैंडों पर जिलाधिकारी कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, विंध्याचल थाना प्रभारी व नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी का मोबाइल फोन नंबर प्रकाशित करना अनिवार्य होगा। ताकि किसी प्रकार की समस्या होने पर उनको सूचना मिल सके। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी का कहना है कि नगर पालिका की ओर से वाहनों की पार्किंग के लिए व्यवस्था की गई है। दर्शनार्थी निर्धारित वाहन स्टैंडों पर ही अपने वाहन खड़ी करें, ताकि वाहन सुरक्षित रहें।