लालगंज। थाना क्षेत्र के चितांग गांव के पगार मौजा में बुधवार को दोपहर में घर से निकले दो बालक मिट्टी निकलने से बने गड्ढे में स्नान करते समय डूब गए। काफी देर तक घर नहीं आने पर बालक की बहन ने जाकर देखा तो दोनों का शव उतराया हुआ था। शव देख बालिका ने परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला। दो बच्चाें की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम छा गया।
क्षेत्र के लहंगपुर चौकी अंतर्गत चितांग गांव के पगार मौजा निवासी लालता प्रसाद का नौ वर्षीय पुत्र सोनू व सत्तन का सात वर्षीय पुत्र संदीप बुधवार को दोपहर करीब दो बजे गांव में मिट्टी निकाले जाने से बने गड्ढे में एकत्र पानी में स्नान करने गए थे। दोनाें रस्सी और बाल्टी लेकर गए थे। जहां पानी निकालते समय गड्ढे में गिरने से दोनों की डूबकर मौत हो गई। काफी देर तक बच्चों के नहीं लौटने पर मौके पर पहुंची लालता की छोटी पुत्री गुड्डी को दोनों के शव गड्ढे में उतराये दिखे। उसने घर आकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मौके पर पहुंचकर दोनों बच्चों के शव को पानी से निकाल कर घटना की जानकारी ग्राम प्रधान को दी।
ग्राम प्रधान की सूचना पर लहंगपुर चौकी प्रभारी सदानंद सिंह मौके पर पहुंचे। दिव्यांग लालता मुसहर से दो पुत्र व आठ पुत्रियां हैं। एक पुत्र और चार पुत्रियों की शादी हो चुकी है। सत्तन से तीन पुत्र हैं। जिसमें संदीप सबसे छोटा था। लालता व सत्तन पगार मौजा में झोपड़ी में रहकर अपना जीवन यापन करते हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, गड्ढे में भरे पानी में डूबने से बालकों की मौत की सूचना मिलने पर सीओ लालगंज मंजरी राव गांव में थानाध्यक्ष के साथ पहुंचे। परिजन शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। पुलिस ने अंतिम संस्कार से रोककर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ लालगंज मंजरी राव ने बताया कि दो बच्चों के डूबने से मौत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।