मिर्जापुर। नगर पालिकाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने शुक्रवार की दोपहर उत्तर प्रदेश कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक से मुलाकात की। उन्होंने नगर में बिजली के जर्जर खभों और जर्जर तारों को बदलने के लिये वार्ता की। प्रबंध निदेशक ने विभाग के तकनीकी निदेशक को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
नपाध्यक्ष के वार्ड भ्रमण के दौरान कई वार्डो में क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों व जर्जर तारों के बारे में शिकायत मिली थी। इस पर नपाध्यक्ष ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मुलाकात कर पत्रक भी सौंपा था। नपाध्यक्ष ने कई वार्डो के निरीक्षण के दौरान 37 स्थानों पर नई एलटी लाइन बनाने की मांग ऊर्जा मंत्री से की थी। ऊर्जा मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को कार्यवाही करने का आदेश दिया था। इसी क्रम में बिजली विभाग के अधिकारियों ने 37 स्थानों पर एल टी लाइन बनाने के लिये अनुमानित लागत चार करोड़ 27 लाख 30 हजार 74 रुपये का इस्टीमेट बनाकर अधीक्षण अभियंता को दिया था।इसी इस्टीमेट को लेकर नपाध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक से मुलाक़ात की। प्रबंध निदेशक ने निदेशक टेक्निकल को निर्देशित करते हुये जाँच कर रिपोर्ट देने को कहा है। नपाध्यक्ष ने कहा कि परीक्षण के बाद जल्द ही धन निर्गत हो जायेगा और नगर की जनता को जर्जर तारों और क्षतिग्रस्त खंभों से राहत मिलेगी।
मनोज जायसवाल शुक्रवार की सुबह प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय वाराणसी पहुँचे।जहां अक्षय पात्र संस्था द्वारा जरूरतमंदों को नि:शुल्क राशन वितरण किया गया। बंगलुरु की अक्षय पात्र संस्था देश के 55 केंद्रों पर प्रतिदिन 20 लाख जरूरतमंदों को खाना देती है। शुक्रवार की सुबह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा उत्तर प्रदेश संगठन के सह प्रभारी सुनील ओझा ने शिरकत की।जहां मौजूद जरूरतमंदो को सह प्रभारी सुनील ओझा और नपाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने राशन किट वितरित किया। इस अवसर पर प्रधान मंत्री जन संपर्क कार्यालय के प्रभारी शिव शरण पाठक,नवीन प्रभु , भरत प्रभु, अनन्त दास प्रभु, एजीएम दिनेश कुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।