लालगंज। थाना क्षेत्र के तेंदुआ खुर्द गांव निवासी उमाशंकर की सात वर्षीय बेटी दिव्या की सांप के डसने से मौत हो गई। परिजन इलाज के लिए भागदौड़ करते रहे, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। सोमवार की शाम दिव्या घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वह मकान के बगल में उगी झाड़ी के पास पहुंच गई, जहां जहरीले सांप ने डस लिया।
जानकारी होने पर परिजन पहले स्थानीय स्तर पर झाड़-फूंक कराते रहे। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई। इस बीच किसी ने रीवा में बेहतर इलाज की सलाह दी। परिजन उसे रीवा लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दिव्या ने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। संवाद