Mirzapur News: अदवा नहर से एक मगरमच्छ निकलकर हलिया के महादेव मोहल्ले में पहुंच गया। ग्रामीणों की सतर्कता से वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर मगरमच्छ को जलाशय में छोड़ा।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मिर्जापुर जिले के हलिया के महादेव मोहल्ले में अदवा नहर से निकलकर आया करीब सात फीट लंबा मगरमच्छ एक मकान में घुस गया। रात में कुत्तों के भौंकने पर ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी में मगरमच्छ को देखा। मकान मालिक राम अकबर मौर्य और आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए लाठी-डंडों की मदद से मगरमच्छ को सीढ़ी के नीचे बने अधूरे शौचालय में बंद कर दिया।
विज्ञापन
सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी संतोष राय, वन्यजीव रक्षक संदीप कुमार तथा वनकर्मी अंकुर शुक्ला, शिवम सिंह, शीतला बख्श सिंह और अनिरुद्ध श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से घंटों की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर मेजा डैम के गहरे जलाशय में छोड़ दिया गया।
मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मकान मालिक राम अकबर मौर्य ने बताया कि समय रहते लोगों की नजर पड़ गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। क्षेत्रीय वन अधिकारी संतोष राय ने बताया कि करीब सात फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर मेजा जलाशय में छोड़ दिया गया।