पटेहरा। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण में पटेहरा प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में सात कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अचानक पहुंचे जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उपस्थित रजिस्टर की जांच पड़ताल के दौरान सात कर्मचारी गायब मिले। जिन्हे डीएम ने अनुपस्थित कर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने 18 से 45 की उम्र के लोगों को वैक्सीनेशन कर रहे कर्मचारियों से जानकारी लेते हुए पूछा एक वॉयल में कितने डोज लगते हैं। जिस पर मौजूद स्टॉफ ने बताया कि 10 डोज लगाते हैं। बृहस्पतिवार को कुल 36 लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। जिलाधिकारी पहले दवा वितरण कक्ष पहुंचे। फार्मासिस्ट कमलेश सिंह से कोविड मरीजों को दी जाने वाली दवा के बारे में पूछताछ की। फार्मासिस्ट ने पैकिंग की हुई सात पैकेट दवा जिलाधिकारी को दिखाई। पास में ही स्थित लैब कक्ष बंद देख डीएम ने कारण पूछा तो प्रभारी डॉक्टर वाजिद जमील ने बताया कि एलटी दिनेश तिवारी कोविड जांच करने क्षेत्र में गए हैं। कोविड की जांच कर रहे एलए चंद्रमा यादव से कोविड जांच आदि के बारे में पूछताछ की। एलए ने बताया प्रतिदिन कम से कम 100 से 120 जांच किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में व्याप्त गंदगी देखकर डीएम ने नाराजगी जताई और साफ-सफाई का निर्देश दिए।