प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बृहस्पतिवार को जिलेभर में स्वच्छता और सेवा अभियान की शुरुआत हुई। शहर से लेकर गांवों तक सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और ग्राम पंचायतों में सफाई अभियान चलाकर सेवा भाव का संदेश दिया गया। गांवों में दीप जलाकर स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी से जुड़ने का आह्वान किया गया।
जिले के 12 ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों समेत विभिन्न स्थानों पर कुल 12.50 लाख दीप जलाने का लक्ष्य है। अभियान 17 अक्तूबर तक चलेगा। नगर के फतहा गंगा घाट, जिलाधिकारी कार्यालय, विकास भवन, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, वन, कृषि विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडलीय अस्पताल में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने मरीजों को फल वितरित किए।
सिटी, लोहंदी कला गांव में मझवां विधायक भाजपा सुचिश्मिता मौर्य ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अधिकारियों और ग्रामीणों को स्वच्छता के साथ सेवा भाव अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान बीडीओ मृदुला सिंह, एडीओ पंचायत अनूप दुबे, एडीओ ग्राम्य विकास इंद्रजीत सिंह, सचिव और ग्रामीण मौजूद रहे। मड़िहान : सीएचसी में कार्यक्रम हुआ। विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए और परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। सीएचसी अधीक्षक राधेश्याम वर्मा आदि रहे।
अदलहाट : पथरौरा गांव में गरीबों में फल और मिठाई वितरित की गई। संजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, लक्ष्मण सिंह, किशोरी विश्वकर्मा, घनश्याम सिंह, मनोज पांडेय आदि मौजूद रहे। सीखड़, भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, अदलपुरा में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का शुभारंभ निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने स्वच्छता की शपथ दिलाकर की। इसके बाद संस्थान के मुख्य द्वार और आसपास की सड़क पर सफाई अभियान चलाया गया। निदेशक ने कर्मचारियों से प्रतिवर्ष कम से कम 100 घंटे स्वच्छता गतिविधियों में योगदान देने की अपील की। अभियान में क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र सरगटिया और कृषि विज्ञान केंद्र कुशीनगर के कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। इसी तरह कछवां, जिगना, चुनार, राजगढ़, पटेहरा, जमुई, लालगंज, ड्रमंडगंज सहित पूरे जिले में अभियान चलाया गया।
मां विंध्यवासिनी को 176 किलो लड्डू का भोग लगाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को जिले में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। मां विंध्यवासिनी धाम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के बाद नगर विधायक भाजपा पं रत्नाकर मिश्र ने 176 किलो लड्डू का मां विंध्यवासिनी को भोग लगाया। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। विधायक ने विंध्यधाम परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया। इस दौरान मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी मौजूद रहे।
नगर में नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। बरौंधा कचार स्थित भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में सुंदरकांड का पाठ हुआ। प्रसाद वितरित किया गया। बीएलजे इंटर कॉलेज, महुवरिया मैदान में केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने किया। कार्यक्रम में भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री विद्याधर तिवारी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल, दिनेश तिवारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल, हेमंत त्रिपाठी, उदयभान तिवारी, सुनीता शर्मा आदि रहे।
भाजपा नगर मंडल पश्चिमी की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के बीच डंगहर स्थित विकास भवन के पीछे और नारघाट मलाही टोला में कार्यक्रम हुआ। नगर अध्यक्ष पश्चिमी नितिन विश्वकर्मा के नेतृत्व में हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान कृष्ण कुमार सिंह, रूपेश यादव, दीपा ऊमर, अमरेश सोनकर आदि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और 25 वर्ष के सेवा, समर्पण एवं सुशासन के अवसर पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सेवा संकल्प अभियान शुरू किया गया। मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, चुनार में विधायक अनुराग सिंह, मझवां में विधायक शुचिस्मिता मौर्या और छानबे में विधायक रिंकी कोल ने अभियान की शुरुआत की। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को फल वितरित किए गए। अस्पताल परिसरों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया।