मिर्जापुर। प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक और बालिका फुटबाॅल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जनपद और मंडल स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक और बालिका तथा जूनियर वर्ग बालक और बालिका वर्ग तैराकी प्रतियोगिता के लिए भी चयन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी क्रीड़ा अधिकारी भानु प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि जूनियर बालिका फुटबाॅल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 13 जून को सुबह छह बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम भिस्खुरी पहाड़ी और मंडल स्तरीय चयन ट्रायल शाम साढ़े चार बजे होगा। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 19 से 26 जून तक सहारनपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। उन्होंने बताया कि जूनियर बालक वर्ग फुटबाॅल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 12 जून को सुबह छह बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम भिस्खुरी पहाड़ी और मंडल स्तरीय चयन शाम साढ़े चार बजे होगा। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 19 से 26 जून तक मऊ स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ी प्रमाण पत्र के साथ क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में आ सकते हैं। प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक और बालिका तथा जूनियर वर्ग बालक और बालिका तैराकी प्रतियोगिता 20 से 23 जून तक सिद्धार्थनगर में होगी। इसके लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 13 जून को सुबह साढ़े सात बजे और मंडल स्तरीय चयन ट्रायल सुबह नौ बजे सुखनंदन स्वीमिंग पुल उस्मानपुर चुनार में होगा।