राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात शौच के लिए गई युवती को दो युवक खींचकर ले जाने लगे। यह देख युवती के भाई ने जब शोर मचाया तो युवक युवती की पिटाई कर फरार हो गए। गले में चोट का निशान देख चाकू मारे जाने की अफवाह फैल गई। इस मामले में थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती शनिवार की रात करीब आठ बजे शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे दो अज्ञात युवक युवती का मुंह दबाकर उसे सिवान में ले जाने लगे। यह देख युवती के छोटे भाई ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों को आते देख युवकों ने युवती के गले में पड़े धागे को कस दिया। इससे युवती बेहोश हो गई। धागा कसने से गला कट गया। इस पर लोगों ने चाकू से गला काटे जाने की अफवाह फैला दिया। युवती को ग्रामीणों ने इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना पर राजगढ़ थाना प्रभारी अरुण कुमार दुबे पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी ली। थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि पीड़ित की तरफ से इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामला प्रेम संबंध का लग रहा है। पीड़ित की तरफ से तहरीर दिए जाने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।