अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ला ने रविवार को लालगंज तहसील क्षेत्र के राजस्व गांवों में अधिकारियों के साथ भ्रमण कर सूखे की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपालों को सूखे की स्थिति के संबंध में यथाशीघ्र आकलन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
अपर जिलाधिकारी ने रविवार को दो विकास खंडों के दो-दो गांवों में भ्रमण कर सूखे की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने लालगंज व हलिया विकास खंड के कटाई, रामपुर मड़वा, तेंदुई व रजई गांव में कम बारिश के अभाव में सूख रही फसलों का सत्यापन किया। सत्यापन के बाद उन्होंने लेखपालों को सूखे से फसलों को हुए नुकसान की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।
इसके पूर्व ग्रामीण लालगंज क्षेत्र को सूखा प्रभावित घोषित किए जाने की मांग कर चुके हैं। अधिवक्ताओं ने भी अध्यक्ष अनिल शुक्ला के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर लालगंज क्षेत्र को सूखा प्रभावित घोषित किए जाने की मांग की थी। इसी क्रम में एडीएम शिव प्रताप शुक्ला ने लालगंज तहसील क्षेत्र में सूखे की स्थिति का आकलन किया। इस दौरान तहसीलदार शशांक शेखर राय, कृषि वैज्ञानिक डॉ. पीएन सिंह, सहायक कृषि अधिकारी संजय पटेल आदि मौजूद रहे।