लालपुर नौडिहा में सीसी रोड का निरीक्षण करते मड़िहान भाजपा विधायक रमाशंकर सिंह पटेल।- संवाद।
सक्तेशगढ़। मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के लालपुर नौडिहा में लोक निर्माण विभाग की तरफ से कराए जा रहे सीसी रोड के निर्माण में मड़िहान विधायक ने अनियमितता पाई। मानक के विपरीत कार्य पाए जाने पर मड़िहान भाजपा विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने संबंधित अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य रुकवाने का निर्देश देते हुए जांच कराने का निर्देश दिया।
मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल शुक्रवार को लालपुर नौडिहा गांव के दौरे पर थे। इसी दौरान उनकी नजर लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही सीसी रोड पर पड़ी। वाहन रोककर उन्होंने चल रहे निर्माण कार्य का मौके पर पहुंचकर जांच की, तो पाया कि सामग्री की गुणवत्ता बेहद खराब थी। कार्य तय मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था। सड़क की मोटाई और कंक्रीट के मिश्रण में भी अनियमितता पाई। विधायक ने मौके से संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन कर कड़ी फटकार लगाई। विधायक ने गुणवत्ता की जांच के बाद ही कार्य शुरु कराने का निर्देश दिया। इस दौरान मोतीलाल सिंह, कैलाश नाथ सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।