डीआईजी विंध्याचल परिक्षेत्र ने गुरुवार को फतहां स्थित अपने कैंप कार्यालय में तीनों जनपदों की अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने 15 अगस्त के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने एवं से ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने को कहा। साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों में गड़बड़ी फैलाने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीआईजी शिवसागर सिंह ने अपराध पर अंकुश लगाने को कहा। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों में पुराने भूमि एवं अन्य विवाद को चिह्नित कर उनका निराकरण कराने, चुनाव में व्यवधान पैदा करने वालों के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने, अवैध शस्त्र, गोला बारूद, मादक पदार्थो एवं अवैध शराब के व्यवसाय पर पूरी तरह से पाबंदी लगाने का निर्देश दिया। गुंडा अधिनियम, गैंगेस्टर अधिनियम एवं एनएसए में कार्रवाई करने तथा नक्सल गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने और एवं निरंतर कांबिंग आदि किए जाने हेतु कड़े निर्देश दिए। वांछित अपराधियों को टीम बना कर गिरफ्तार करने को कहा। । हत्या, लूट, नकबजनी, वाहन चोरी, चोरी, अपहरण, दहेज हत्या मामले के आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। चोरी की शत प्रतिशत बरामदगी का निर्देश देते हुए गैंगस्टरों की संपति को जब्त कराने को कहा। लंबित पार पत्र, चरित्र सत्यापन, प्रारंभिक जांचों, पेंशन प्रकरणों, चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रकरणों की समीक्षा की। कार्य में लापरवाही बरतने पर क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों पर कार्रवाई करने की बात कही। इस दौरान एसपी दिनेश चंद्र सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।