मिर्जापुर। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर निकाय चुनाव में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। बृहस्पतिवार को मतदान के दौरान एक दो मामले ही ऐसे हुए, जिनको लेकर कुछ देर के लिए गहमागहमी रही। जिसे पुलिस फोर्स की मौजूदगी में सुलझा लिया गया। किसी तरह का कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ।
नगर निकाय चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। जिले के तीन नगर पालिका परिषदों और एक नगर पंचायत के कुल 100 वार्डों में 96 मतदान केंद्रों पर 332 मतदेय स्थल बनाए गए थो। जिले के शहर कोतवाली, कटरा कोतवाली, विंध्याचल, चुनार, अहरौरा व कछवां थाना क्षेत्र में नगर निकाय चुनाव होना था। इसके लिए सम्पूर्ण क्षेत्र को आठ जोन व 26 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेटों के अलावा पुलिस, पीएसी व होमगार्ड के करीब 2700 जवानों, अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। पुलिसकर्मियों में 195 निरीक्षक व उप निरीक्षक, 794 मुख्य आरक्षी व आरक्षी, 15 सेक्शन पीएसी बल की तैनाती की गई थी। मंडलायुक्त डॉ.मुथु कुमार स्वामी बी व डीआईजी ओपी सिंह और जिलाधिकारी दिव्या मित्तल व पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा मतदान के दौरान बूथों को निरीक्षण करते रहे।
एडीएम शिव प्रताप शुक्ल, एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति के साथ फोर्स लेकर बूथों का निरीक्षण करते रहे। एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने अहरौरा आदि इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा लेते रहे। सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा नगर के बूथों पर पुलिस फोर्स के साथ भ्रमणशील रहे। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने का निर्देश देते रहे। पीएसी को बाहर बूथ से 200 मीटर की दूरी तक किसी को खड़ा नहीं रहने का निर्देश देते रहे। मौके पर जुटी भीड़ को उन्होंने हटवाया। चौकस सुरक्षा व्यवस्था के चलते मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।