मुठभेड़ में घायल अधिवक्ता हत्याकांड का दूसरा आरोपी इंद्रासन उर्फ पुलिस बिंद। स्रोत-पुलिस
- फोटो : एचबीटीयू
11 अप्रैल की सुबह राजेंद्र सोनकर के साथ अधिवक्ता हत्याकांड में शामिल था पुलिस बिंद उर्फ इंद्रासन
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना नगर कॉलोनी में अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंकू की हत्या के दूसरे आरोपी 25 हजार का इनामी पुलिस बिंद उर्फ इंद्रासन सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैर में गोली लगी है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मुख्य आरोपी के सहयोगी का सोमवार तड़के चंद्रदीपा के पास मुठभेड़ में पकड़ा गया। आरोपी के दोनों पैर में गोली लगी। उसके पास से तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस अभिरक्षा में उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एएसपी सिटी नितेश सिंह में बताया कि सोमवार देर शाम वीडियो ग्राफी के जरिए डिजिटल पेशी कराई गई। मजिस्ट्रेट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
एसपी ने बताया कि शनिवार की रात को ही पुलिस ने 50 हजार के इनामी राजेंद्र को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस उसके साथी पुलिस बिंद की तलाश में जुटी थी। घटना के बाद दूसरे आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया। पुलिस की पांच टीमें उसकी तलाश कर रही थीं। सूचना मिली कि आरोपी पुलिस उर्फ इंद्रासन निवासी लोहदीकलां (लंका पहाड़ी) कोतवाली देहात क्षेत्र के राजापुर गांव में छिपा हुआ है। इस पर कटरा कोतवाल वैद्यनाथ सिंह ने एसओजी टीम के साथ वहां पर दबिश दी। पुलिस के आने की जानकारी मिलने पर इंद्रासन घर से बाहर निकलकर चंद्रदीपा की तरफ जाने वाले रास्ते पर भागने लगा। पुलिस की घेराबंदी के बाद वह पुलिस टीम पर फायर करने लगा। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इसमें इंद्रासन के दोनों पैरों में गोली लगी। उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस, जब्त किया। तमंचे के चैंबर में एक खोखा फंसा हुआ था। एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। आरोपी की मंडलीय अस्पताल के इमरजेंसी में उपचार चल रहा है।
....................................
तीन दिन पहले बनाई थी हत्या की योजना
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि दूसरा आरोपी पुलिस बिंद निवासी लोहदीकलां ने पूछताछ में बताया कि राजेंद्र सोनकर उसके गांव में ही रहता था। वहीं पर उससे जान पहचान हुई। राजेंद्र की ही पुरानी रंजिश राजीव सिंह से थी। घटना से तीन दिन पहले हम लोगों ने पूर्व प्रधान राजीव सिंह की हत्या की योजना बनाए। हत्या करके मौके से भाग गए थे।