पटेहरा। लालगंज थाना क्षेत्र के मुस्किरा गांव में मौजूद मगरमच्छ से सहमे किसान बुधवार की रात से ही तालाब का पानी निकाल रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी तालाब में दो मोनोब्लॉक पंप के सहारे पानी निकाला जा रहा था। पांच बिस्वा तालाब में लगभग 12 फीट गहराई तक पानी है।
मुस्किरा गांव निवासी संतोष सिंह के निजी तालाब के भीटा पर बुधवार को मगरमच्छ दिखाई दिया था। किसान की सूचना पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम को देखते ही मगरमच्छ तालाब में उतर गया। देर शाम तक वन कर्मी मौके पर डटे रहे पर मगरमच्छ पानी में ही तैरता रहा। दूसरे दिन सुबह सोकर उठे संतोष सिंह ने देखा कि मगरमच्छ उनके घर के सामने बैठा रहा। आहट लगते ही वह वापस तालाब की ओर चला गया। उन्होंने कहा कि घर पर छोटे बच्चे भी हैं। जिन्हे मगरमच्छ का खतरा बना हुआ है। किसान की सूचना पर मौके पर पहुंचे वन रक्षक महेंद्र कुशवाहा ने कहा कि पानी मे मगरमच्छ को नही पकड़ा जा सकता पानी कम होने के बाद ही उसे पकड़ा जा सकता है।