जनपद के चाराें तहसीलाें में आयोजित तहसील दिवस में मंगलवार को फरियादियाें की भीड़ उमड़ पड़ी। मड़िहान तहसील में मंडलायुक्त अनिल कुमार ने प्रार्थनापत्रों की गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण न होने व एसडीएम मड़िहान द्वारा जांच नहीं करने पर उन्हें चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक प्रार्थना पत्रों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण न हो जाए, उसे पुन: जांच करा कर संबंधित विभाग को निस्तारण के लिए भेजा जाए।
मड़िहान तहसील में मंडलायुक्त डीआईजी शिव सागर सिंह, डीएम राजेश कुमार सिंह व एसपी दिनेश ने फरियादियाें की समस्याएं सुनीं। मंडलायुक्त ने कहा सभी एसडीएम का दायित्व है कि वे मामलों को गंभीरता से लें।
मंडलायुक्त ने पूर्व तहसील दिवस पर आए प्रार्थनापत्रों का निस्तारण हुआ है या नहीं इसकी पुष्टि के लिए आवेदकों के मोबाइल नंबर पर फोन कर जानकारी हासिल की। इसी प्रकार डीएम राजेश कुमार सिंह ने भी निस्तारित फरियादियाें से बात करने पर पाया कि जलनिगम द्वारा हैंडपंप के मामले में गलत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
खलिहान की जमीन खाली कराने के संबंध में संबंधित फरियादी ने बताया कि अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि निस्तारित रिपोर्ट में दर्ज है कि कानूनगो द्वारा जांच कर जमीन खाली कराया गया है।
तहसील दिवस में 119 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से नौ का निस्तारण मौके पर किया गया। जलनिगम और पेंशन से संबंधित अधिक प्रार्थना पत्र आए, जिन्हें डीएम द्वारा संबंधित अधिकारी को निस्तारित करने का निर्देश दिया गया। सदर तहसील में 40 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें से आठ का निस्तारण हुआ।
लालगंज तहसील में 56 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें से चार का निस्तारण हुआ। अध्यक्षता करते हुए एसडीएम लालगंज जीसी राम ने कहा कि मामलों का निस्तारण त्वरित गति से किया जाएगा।