कछवां । कटका पड़ाव में हाल ही में हुए हादसे में 10 लोगों की जान जाने के बाद सोमवार की सुबह पुराने घटना स्थल से करीब 300 मीटर आगे स्काॅर्पियो खड़े ट्रक में जा टकराई। इस हादसे में स्कॅार्पियो सवार 10 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजवाया गया। उनमें से आठ घायलों को डॉक्टरों ने ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। घायलों में ज्यादातर बच्चे शामिल थे।
मध्य प्रदेश के मउगंज जिले के ड्रामलगंज गांव निवासी अखिलेश केसरी का चालक रहीम वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में जाने की बात बताकर गाड़ी लेकर गया था। वह अपने गांव के लोगों और रिश्तेदारों को लेकर दरगाह शरीफ आंबेडकर नगर चला गया। आंबेडकर नगर दरगाह शरीफ पर चादर चढ़ाकर रात में ही घर लौटते समय बाबूसराय ओवरब्रिज के आगे एक ढाबे के सामने हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से स्काॅर्पियो जा टकराई। आसपास स्थित होटलों और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहन से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने सभी 10 घायलों को सीएचसी कछवां भेजवाया। जहां डाॅक्टरों ने आठ घायलों को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। घायलों में दो माह के अभिमान के अलावा सात वर्षीय फरहान, एक वर्षीय रिजवान, चार वर्षीय जोया, 45 वर्षीय शहजादी, 30 वर्षीय मोहम्मद करीम, 22 वर्षीय जैबुनिशा, 26 वर्षीय रानी बेगम, चार वर्षीय मुस्कान, पांच वर्षीय अरमान शामिल थे। इनमें अभिमान और करीम को छोड़कर बाकी घायलों को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर में इलाज के बाद छोड़ दिया गया। थाना त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि सभी घायल मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। आंबेडकर नगर दरगाह शरीफ पर चादर चढ़ाकर लौट रहे थे।