मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के रामपुर अतरी गांव का प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय घटना के तीसरे दिन बुधवार को पीएससी की मौजूदगी में खुला। तीसरे दिन पहले की अपेक्षा पढ़ने के लिए बच्चों की संख्या काफी कम रही।
इसी प्राथमिक विद्यालय में सब्जी के भगौने में गिरकर बालिका की मौत के बाद काफी बवाल होने के कारण विद्यालय को बंद कर दिया था। गांव में तनावपूर्ण माहौल के चलते पुलिस व पीएसी बल पहले से ही तैनात थे। बच्चों की शिक्षा बाधित न हो। इसके लिए बुधवार को विद्यालय खोल दिया गया। प्राथमिक विद्यालय में पंजीकृत 172 के बाद घटना के तीसरे दिन बुधवार को सिर्फ 19 बच्चे व पूर्व माध्यमिक विद्यालय में नामांकित 142 छात्र में से 21 बच्चे ही पढ़ने के लिए विद्यालय आये थे। विद्यालय में सहायक अध्यापक नवनीत वर्मा व चार शिक्षामित्र में कविता सिंह, गायत्री तिवारी व शुशुम देवी पढ़ाने पहुंची थी। साथ ही एक शिक्षा मित्र ममता सिंह चार दिन की छुट्टी पर है। वही विद्यालय की सभी रसोइयां गिरफ्तार कर जेल भेज दी गयी है। इससे विद्यालय में एमडीएम बनाने का संकट उत्पन्न हो गया था। इसके लिए विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाने के लिए पास के विद्यालय दत्तुपुर से एक व बोदा प्राथमिक स्कूल से दो रसोइयों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विद्यालय पर बुलाकर मध्याह्न भोजन बनवाया गया।
सोमवार की घटना से सबक सीखते हुए विद्यालय में काफी दुरुस्त व्यवस्था रखी गयी थी। एमडीएम बनने के बाद सभी छात्रों को टाटपट्टी पर बैठाकर रसोइयों व अध्यापकों ने साथ मिलकर खाना परोसा । विद्यालय की व्यवस्था पहले से काफी बेहतर देखने को मिली। विद्यालय में मेनू के हिसाब से भोजन भी बना था। हालांकि जो बच्चे आए थे वह काफी सहमे हुए थे। कुछ बच्चों के अभिभावक भी विद्यालय के आसपास ही टहल रहे थे।