मिर्जापुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के अंतर्गत उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत जिले के मूल निवासी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। पात्र छात्र-छात्राएं पोर्टल पर निर्धारित तिथियों के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। साथ ही, आवेदन की हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करेंगे। कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं के नवीन एवं नवीनीकरण आवेदनों की प्रक्रिया 11 अगस्त से प्रारंभ होगी। शिक्षण संस्थानों की ओर से ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन, विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से आवेदनों का अग्रसारण किया जाएगा। इंटरमीडिएट से ऊपर की कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए नवीन एवं नवीनीकरण आवेदनों की ऑनलाइन प्रक्रिया 15 सितंबर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलाई जाएगी। शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों एवं संबद्ध एजेंसियों की ओर से आवेदन सत्यापन, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और पात्र आवेदनों के अग्रसारण की कार्रवाई की जाएगी। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद पात्र छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि जनवरी में भेजी जाएगी।
छात्र-छात्राओं, शिक्षण संस्थानों एवं संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समय-सारिणी का अनिवार्य रूप से पालन करते हुए आवेदन, सत्यापन एवं अग्रसारण की समस्त कार्रवाई समय से पूरी करने की अपील की है।
- दिलीप कुमार,जिला समाज कल्याण अधिकारी