मिर्जापुर। महुवरिया स्थित बीएलजे मैदान में उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड प्रदर्शनी में पहले दिन पांच लाख रुपये की बिक्री हुई। छानबे विधायक के हुए निधन के चलते बिना किसी तामझाम शुक्रवार को सादगी ढंग से दस दिवसीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) अमरेंद्र कुमार वर्मा ने फीता काटकर उद्घाटन किया।
छानबे विधायक के निधन पर एडीएम सहित उपस्थित अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हे श्रद्धांजलि दी। प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के ग्रामोद्योगी इकाईयों की ओर से लगभग 70 दुकानें लगाई थीं। ठंड के मौसम में कश्मीरी शाल के अलावा सदरी, जैकेट व खादी से बने अन्य कपड़े ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर उपायुक्त अशोक कुमार, जिला/ परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी ध्यानचंद, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी भदोही अमितेश कुमार सिंह, लेखाकार भीष्म सिंह, अनिल कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।