जनपद के सभी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों को अब बायोमेट्रिक हाजिरी देनी होगी। डीएम ने 31 जनवरी तक बायोमेट्रिक मशीन लगाने का अल्टीमेटम दिया है। बायोमेट्रिक मशीन से हाजिरी नही देने वाले विभागों के कर्मचारियों का फरवरी माह से वेतन आहरित नही होगा। जिलाधिकारी बिमल कुमार दूबे ने सभी विभागों को आदेश जारी किया है। डीएम के आदेश बाद बायोमेट्रिक मशीन लगवाने में हीलाहवाली करने वाले कार्यालयों में हड़कंप मच गया है।
प्रदेश सरकार कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों के ससमय पहुंचकर काम करने की कोशिश कर रही है। वहीं जनसमस्याओं के निराकरण के लिए शासन द्वारा प्रात: नौ बजे से 11 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। बावजूद इसके आदेश के कुछ दिनों तक तो अधिकारी और कर्मचारी नौ से 11 कार्यालय में बैठते रहे, लेकिन अब सभी पुराने ढर्रे पर आ गए है। वहीं कर्मचारी भी मनमानी करते हुए ससमय कार्यालय नही पहुंच रहे है। जिससे जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। जिलाधिकारी ने शासन की मंशानुरुप सभी कार्यालयों में 31 जनवरी तक बायोमेट्रिक उपिस्थित लागू करने का निर्देश दिया है। डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को चेताया है कि 31 जनवरी तक जिन कार्यालयों में कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी नही होगी, ऐसे विभागों के कर्मचारियों का माह फरवरी का वेतन आहरण केवल बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही किया जाएगा, अन्यथा रोक दिया जाएगा। उन्होंने सीडीओ, एसपी, प्रभागीय वनाधिकारी, सीएमओ, एसडीएम, नगर मजिस्ट्रेट, सहायक अभिलेख अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, पीडी, उपायुक्त मनरेगा, डीपीआरओ, डीआईओएस, बीएसए, डीएसटीओ, अर्थ व संख्या अधिकारी सहित सभी विभागों के अधिकारियों को कड़ा पत्र जारी किया है।
इन विभागों में हो रही बायोमेट्रिक हाजिरी
मिर्जापुर। डीआईओएस, बीएसए, विकास भवन, माध्यमिक स्कूलों सहित कई विभागों में बायोमेट्रिक हाजिरी शुरु हो गई है। हांलाकि अभी भी परिषदीय विद्यालयों में बायोमेट्रिक हाजिरी शुरु नही हो पाई है, जिससे शिक्षकों के स्कूलों से गायब रहने का क्रम जारी है।