मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अन्तर्गत सघन मिशन इन्द्रधनुष-5 की समीक्षा की। इस दौरान अरबन क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुरूसंडी, हलिया, चुनार एवं पड़री की टीकाकरण में प्रगति खराब मिली। सबसे अधिक खराब प्रगति जिलाधिकारी ने गुरूसंडी के स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी का वेतन रोक दिया। उन्होंने कहा कि अगले माह अपेक्षित प्रगति आने पर ही वेतन देय होगा।
इसी प्रकार हलिया, चुनार तथा पड़री के स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों से भी जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रगति में सुधार लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के छूटे हुये बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण शत प्रतिशत किया जाना चाहिए। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों से टीकाकरण के बाद वैक्सीनेशन कार्ड में टीकाकरण का ड्यू तिथि भरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान अथवा अन्य किसी कारणवश जो बच्चे टीकाकरण से वंचित रह गये हैं, उनकी सूची जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी सरकारी राशन विक्रेताओं के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक कर उनके बच्चों का टीकाकरण कराएं। जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को निष्क्रिय आशा कार्यकर्ताओं की सूची बनाकर मुख्य चिकित्साधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को नियमानुसार लापरवाही बरतने वाली आशा कार्यकर्ताओं को हटाने का निर्देश दिया। साथ ही नई आशा कार्यकर्ताओं का चयन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी से कहा कि सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करें कि अपने क्षेत्र के सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रत्येक योजना की समीक्षा अवश्य करें। मुख्य चिकित्साधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्साधिकारी से उन्होंने कहा कि मिशन इंद्र धनुष की प्रतिदिन मानिटरिंग करते हुये अभियान में प्रगति लाना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. सीएल वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।