मिर्जापुर। जिले के 103 परिषदीय विद्यालयों का बृहस्पतिवार को बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारियों व जिला समन्वयकों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो विद्यालय बंद मिले तथा 21 शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक अनुपस्थित मिले। इन सभी का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण मांग लिया गया है। बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले के 103 परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कराया गया। सभी खंड शिक्षा अधिकाररों व जिला समन्वयकों से सिटी ब्लॉक के 103 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कराया गया। इस दौरान 21 शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक अनुपस्थित रहे। राजगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान कंपोजिट विद्यालय मसारी व खंड शिक्षा अधिकारी मड़िहान के निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय बरकछा खुर्द बंद मिला। बीएसए ने बताया कि उन्होंने खुद सीखड़ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय खैरा, प्राथमिक विद्यालय आराजीलाइन, प्राथमिक विद्यालय भुआलपुर, प्राथमिक विद्यालय बिट्ठलपुर, प्राथमिक विद्यालय मेढ़िया द्वित्तीय, उच्च प्राथमिक विद्यालय खैरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय अदलपुरा व उच्च प्राथमिक विद्यालय मेढ़िया का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित रहे शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों का बृहस्पतिवार को नो वर्क नो पे के आधार पर वेतन व मानदेय रोकते हुए संबंधित से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने बताया कि स्पष्टीकरण प्राप्त होने पर गुण-दोष के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।