नगर की सफाई व्यवस्था को ठीक करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह ने बुधवार को नगर के कई वार्डों का भ्रमण किया। कई जगह पर गंदगी मिलने पर उन्होंने उस वार्ड के सफाई नायकों का वेतन काटने और संबंधित सफाई निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के लिए अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया।
सिटी मजिस्ट्रेट जब जिला अस्पताल के सामने पहुंचे तो वहां पर उनको गंदगी मिली। इसके बाद कलेक्ट्रेट, रामबाग, बाजीराव कटरा, वासलीगंज, मुजफ्फर गंज आदि कई वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सफाई नायक गली को बीट बनाकर प्रतिदिन निरीक्षण करें। सभी सफाई निरीक्षक सभी सफाई कर्मियों की स्थिति की जांच करें। साथ ही क्षेत्र का भ्रमण करके सफाई की स्थिति की जानकारी लें और काम कराएं।