मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र कमेटी की बैठक हुई। इसमें युवाओं के बीच नशा मुक्ति अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों व युवाओं के बीच नशा मुक्ति व नशा विरोधी अभियान चलाकर जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव व मादक द्रव्यों के सेवन से नुकसान के बारे में जानकारी देकर लोगों को जागरूक करें। उन्होंने मादक पदार्थों की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। साथ ही अवैध धंधे से अर्जित संपत्ति को जब्त करने का निर्देश भी दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, वन विभाग के राज कैथवाल, उप जिलाधिकारी सदर चन्द्रभानु सिंह, चुनार नवनीत सेहारा, मड़िहान अश्वनी कुमार सिंह, लालगंज भरत लाल सरोज, क्षेत्राधिकारी नगर परमानन्द कुशवाहा, पारस नाथ सिंह, उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ सिंह, जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार आदि मौजूद रहे।