मिर्जापुर। विद्युत निगम जिले के कई विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता में वृद्धि करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए 20 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या रहती है। कटौती की तो बात ही अलग है। कटौती के बाद भी जब बिजली आती है तो ग्रामीणों की अक्सर शिकायत होती है कि वोल्टेज बहुत कम है। बिजली बार-बार आ रही है और जा रही है। इसका कारण संबंधित उपकेंद्र पर अधिक भार का होना बताया जाता है। आजकल स्वचालित व्यवस्था उपकेंद्रों पर की गई है, जिसके कारण लोड अधिक होते ही बिजली अपने आप ही कट जाती है। अब इन उपकेंद्रों की क्षमता में वृद्धि की तैयारी की जा रही है। साथ ही ट्रांसफार्मर की क्षमता में भी वृद्धि की जाएगी। क्षमता वृद्धि के लिए विशेष रूप से जमालपुर, राजगढ़ सहित पांच उपकेंद्र चिह्नित किए गए हैं। इन जगहों पर स्थित पांच एमवीए की क्षमता वाले ट्रांसफार्मर की क्षमता को बढ़ाकर 10 एमवीए किया जाएगा। माना जा रहा है कि इसी वित्तीय वर्ष में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। अधीक्षण अभियंता राम बुझारत ने बताया कि इसके लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। शीघ्र ही कार्य शुरू किया जाएगा।