उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट का 53वां जनपदीय सम्मेलन बीएलजे इंटर कालेज में बुधवार को हुआ। इसमें शिक्षक संघ ने नकलविहीन परीक्षा का पुरजोर समर्थन किया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि और संयुक्त शिक्षा निदेशक शिव प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अहम होती है। अखंड मंडलाकारम व्याप्तम चराचरम श्लोक के माध्यम से गुरु की महत्ता को बताया।
उन्होंने कहा कि योग्य छात्रों के निर्माण में गुरु की भूमिका अहम होती है। गुरुओं के माध्यम से ही नकलविहीन परीक्षा सफल हो सकती है। इसके पूर्व सम्मेलन का शुभारंभ प्रांतीय अध्यक्ष अमरनाथ सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ छात्र और शिक्षक हित में कार्य करता है।
शिक्षक संघ कक्षा में पढ़ाई और अधिकारों की लड़ाई के सिद्धांत पर चलता है।
प्रांतीय कोषाध्यक्ष डा. श्याम नारायण तिवारी ने संगठन की उपलब्धियों पर चर्चा की। साथ ही अवकाश प्राप्त शिक्षकों का ट्रेजरी से भुगतान, सीटी ग्रेड की समाप्ति सहित शिक्षकों के समस्याओं के निराकरण की मांग किया।
दशरथ तिवारी ने संगठन के रीति नीति के बारे में बताया। सम्मेलन को रमेश कुमार द्विवेदी, कमला तिवारी, कैलाशनाथ मिश्रा, गोपालजी पांडेय, रामनारायण जायसवाल, मुहम्मद अयाज, नीरज सिंह आदि ने संबोधित किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता उमाशंकर पांडेय और संचालन डा. संजय मिश्रा ने किया।