मिर्जापुर। रेलवे स्टेशन विंध्याचल से विंध्यवासिनी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को अब लंबी दूरी नहीं तय करनी पड़ेगी। रेलवे स्टेशन से पुरानी वीआईपी मार्ग तक जाने वाले संपर्क मार्ग को 40 फीट चौड़ा करने की तैयारी है। इसके लिए शासन से भूमि क्रय के लिए प्रथम किश्त के तौर पर 15 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। सड़क निर्माण के लिए जल्द ही सहमति के साथ ही भूमि अधिग्रहण व निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
विंध्य काॅरिडोर के तहत विंध्याचल में विभिन्न कार्य चल रहे हैं। हाल ही में विंध्याचल रेलवे स्टेशन से पुरानी वीआईपी तक मार्ग के चौड़ीकरण के कार्ययोजना को प्रदेश कैबिनेट की बैठक में स्वीकृति मिली है। इसके तहत 24 करोड़ 27 लाख 41 हजार 120 रुपये से सड़क निर्माण के लिए भूमि क्रय किया जाएगा। इसके लिए प्रथम किश्त के तौर पर 15 करोड़ रुपये शासनस्तर जारी कर दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन विंध्याचल से प्राधिकरण प्रशासनिक भवन होते हुए पुरानी वीआईपी मार्ग तक जाने वाले संपर्क मार्ग को 40 फीट चौड़ा किया जाना है। इस मार्ग के निर्माण से विभिन्न क्षेत्रों से ट्रेन के माध्यम से आने वाले श्रद्धालु रेलवे स्टेशन से सीधे मां विंध्यवासिनी के दरबार तक पहुंच सकेंगे। इसी प्रकार मंदिर में दर्शन के बाद ट्रेन पकड़ने के लिए यात्री सीधे रेलवे स्टेशन जा सकेंगे। जल्द ही जमीन के क्रय की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।