मिर्जापुर जनपद में रविवार देर शाम दो सड़क हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजवाया, जहां इलाज केे दौरान दोनों की मौत हो गई।
अहरौरा थाना क्षेत्र के आनंदीपुर गांव के पास रविवार की देर शाम राकेश गुप्ता (35) की बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। नगर के पटवा टोला निवासी राकेश अपने छोटे भाई मनीष के साथ बाइक पर बैठकर चकिया झाड़-फूंक कराने जा रहे थे। तभी आनंदीपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास बाइक का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में राकेश गुप्ता को गंभीर चोट आई। बताया जाता है कि राकेश कैंसर से ग्रसित था। लगभग दो माह पूर्व वाराणसी स्थित चिकित्सालय में ऑपरेशन हुआ था। दुर्घटना के दौरान ऑपरेशन वाले हिस्से में ही राकेश को गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने घायल राकेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया।
वहीं पड़री थाना क्षेत्र के आमघाट के पास रविवार देर शाम गौरा विशेन गांव निवासी गामा (40) पुत्र जगमोहन की बाइक साइकिल सवार को बचाने में पलट गई। हादसे में बाइक सवार गामा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने गामा को सदर अस्पताल भेजवाया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। मृतक किसान था, उसके दो पुत्र हैं।