राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता उद्यमी अशोक तिवारी को स्मृति च
सफल उद्यमी कैसे बनें : युक्तियां और विचार विषय पर व्याख्यान का आयोजन
मिर्जापुर। राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र की ओर से सफल उद्यमी कैसे बनें : युक्तियां और विचार विषय पर सोमवार को व्याख्यान हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को उद्यमिता के बारे में जानकारी देनी थी।
टोरंटो कनाडा से आए मुख्य वक्ता अशोक तिवारी ने बताया कि एक सफल उद्यमी बनना किसी एक तरकीब का खेल नहीं है, बल्कि सही सोच, कुशल क्रियान्वयन और निरंतर प्रयास का मेल है। उन्होंने महत्वाकांक्षी उद्यमियों के लिए व्यावहारिक अंतर्दृष्टि साझा की और प्रमुख सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। इसमें वास्तविक समस्या की पहचान, न्यूनतम व्यवहार्य उत्पाद से शुरुआत, आवश्यक कौशलों पर ध्यान केंद्रित करना और असफलता को स्वीकारना प्रमुख है। कहा कि उद्यमिता में सफलता के लिए मजबूत मानसिकता, सकारात्मक दृष्टिकोण और सीमाओं के पार विचारों को विस्तारित करने की क्षमता आवश्यक है। डीडीयू कौशल केंद्र के छात्रों के लिए यह व्याख्यान ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। जिसने उन्हें नवोन्मेषी रूप से सोचने और आत्मविश्वास के साथ उद्यमशीलता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। अशोक तिवारी एस्कॉट पार्क इवेंट लिमिटेड के अध्यक्ष और सीईओ हैं। प्लेक्सस डेवलपमेंट ग्रुप और प्लेक्सस इंफ्रास्ट्रक्चर के चेयरमैन हैं। उनके पेशेवर सफर की शुरुआत भारत में रिटेल लीडरशिप से हुई। बाद में वे कनाडा में वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में आगे बढ़े।
इस मौके पर डीडीयू कौशल केंद्र समस्त शिक्षक और गैर शैक्षिक कर्मचारी उपस्थित रहे । शुभारंभ महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा के सामने आचार्य प्रभारी प्रो. बीएमएन कुमार, उद्यमी अतिथि अशोक तिवारी और प्रेरक वक्ता कृष्णकांत द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि के साथ हुआ। संचालन गोल्डी कुमारी ने किया।
राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता उद्यमी अशोक तिवारी को स्मृति च