कोटेदारों ने गुरुवार को पथरहिया स्थित आरएफसी गोदाम पर धरना प्रदर्शन किया। कोटेदार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरण के लिए मिलने वाले अनाज को तौल कर नहीं देने का विरोध कर रहे थे। उन्होंने कार्यालय की कार्य प्रणाली पर नाराजगी भी जताई।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत कार्डधारकों को कोटेदारों के माध्यम से अनाज वितरण किया जाता है। कोटेदारों को इसके लिए आरएफसी गोदाम से अनाज, चीनी का वितरण किया जाता है।
नियमानुसार कोटेदारों को अनाज का वितरण तौलकर किया जाना चाहिए। लेकिन आरएफसी विभाग में तैनात कर्मचारियों द्वारा मनमानी करते हुए कोटेदारों को बिना तौल कर ही अनाज दिया जाता है।
जिससे कोटेदारों को आर्थिक क्षति उठाना पड़ता है और अनाज वितरण मेें भी खासी परेशानी होती है। गुरुवार को कोटेदार आरएफसी गोदाम अनाज लेने पहुंचे तो कर्मचारियों द्वारा बिना तौल करके ही अनाज दिया जाने लगा।
जिससे नाराज कोटेदारों ने धरना प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया और आंदोलन की चेतावनी दी।
मालूम हो कि जिले में एक मार्च से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू हो रहा है।
जिसके तहत कार्डधारकों को प्रति यूनिट अनाज का वितरण करना होगा। जिससे आरएफसी गोदाम से अनाज कम मिलने पर कार्डधारकों में अनाज वितरण में परेशानी होगी।
प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र प्रसाद जायसवाल, अर्जुन गुप्ता, दिनेश जायसवाल, प्रेम कसेरा, संजय श्रीवास्तव, राजेश जायसवाल, राहुल बरनवाल, विकास जायसवाल, विजय नारायण केशरी, अनिल धवन, आशा देवी, भुवनेश्वर, भगवान दास यादव, कामता प्रसाद, पारसनाथ, मोहन सिंह, रविंद्र आदि शािमल रहे।