बार-बार यातायात नियम तोड़ने और चालान का जुर्माना जमा न करने वाले 189 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एक वर्ष में पांच या अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 280 चालकों को चिह्नित कर परिवहन विभाग को कार्रवाई के लिए सूची भेजी गई थी।
इनमें से 189 चालकों के लाइसेंस और संबंधित वाहनों की आरसी निरस्त कर दी गई है। इनमें 102 चार पहिया वाहन चालक और 77 दोपहिया वाहन चालक शामिल हैं।
वहीं, 91 चालकों के खिलाफ कार्रवाई अभी लंबित है। उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इनके लाइसेंस और आरसी निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि बेहतर और सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन जरूरी है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करती है। संबंधित चालकों के हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट का इस्तेमाल न करने, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कई बार चालान किए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने जुर्माना जमा नहीं किया और नियमों का उल्लंघन जारी रखा।
इसके बाद पांच या अधिक बार नियमों का उल्लंघन करने और जुर्माना जमा नहीं करने वाले चालकों की सूची तैयार की गई। इसमें मिर्जापुर के साथ अन्य जिलों के वाहन भी शामिल हैं।
सूची परिवहन विभाग को भेजी गई। परिवहन विभाग ने संबंधित वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया। उचित जवाब नहीं मिलने पर 189 के लाइसेंस और आरसी निरस्त कर दिए गए।