मिर्जापुर। मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी ने विभागीय अधिकारियों को आपस में समन्वय बनाकर आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प की योजना को अमलीजामा पहनाने को कहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर संसाधन बढ़ाने के लिए शासन स्तर से निर्धारित 18 बिंदुओं पर काम कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की हिदायत भी दी।
मंडलायुक्त बुधवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से बुधवार को कार्यालय सभागार में आयोजित एक दिवसीय मंडलीय गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलायुक्त ने दीप जलाकर किया। इस दौरान निदेशालय स्तर से नामित नोडल अधिकारी अजय सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प के लिए निर्धारित रोडमैप के बारे में जानकारी दी। यूनिसेफ स्टेट रिसोर्स परसन कमलेश पांडेय ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी। मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी ने कहा कि बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बच्चों एवं महिलाओं से संबंधित योजनाएं शासन की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को आपस में समन्वय बनाकर आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प की योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कम वजन के जन्म लेने वाले बच्चे, अल्पवजन की बालिकाओं एवं गर्भवती महिलाओं को बाल विकास द्वारा अनुपूरक पुष्टाहार निर्धारित मात्रा में उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम के दौरान मिर्जापुर, सोनभद्र व भदोही के कार्यक्रम अधिकारियों ने अपने जिलों से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।