मिर्जापुर। आखिरकार नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास के मामले में रविवार को विंध्याचल थाने में पाक्सो एक्ट व विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हो गया। अभियुक्त को हिरासत में लेकर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं 27 जून को घटना होने के बाद से मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटक रहे परिवार ने राहत की सांस ली है और अब न्याय पाने के लिए आगे की लड़ाई के लिए कमर कस ली है। अमर उजाला ने इस पूरे प्रकरण को रविवार के संस्करण में प्रमुखता से पेज नंबर चार पर %चिल्लाता रहा परिवार, पुलिस ने नहीं सुनी गुहार% शीर्षक से उठाया था। इसके बाद पुलिस प्रशासन जागा। आनन फानन में पीड़िता के गांव एसपी सिटी संजय कुमार और सीओ सिटी सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही पीड़ित के परिवार का बयान लिया। साथ ही अग्रिम कार्रवाई का निर्देश दिया।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार को एक 13 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म का प्रयास हुआ। आरोपी की ऊंची पहुंच होने की वजह से पीड़ित के परिवार को थाने से केवल आश्वासन मिलता रहा। परिवार ने आला अधिकारियों के दरवाजे भी खटखटाए पर उसकी सुनवाई नहीं हुई। थक हारकर उसने पीएम, सीएम और महिला आयोग को फैक्स कर घटना की जानकारी और न्याय की गुहार लगाई पर कोई जवाब नहीं आया। थकहारकर परिजन अमर उजाला कार्यालय पहुंचे और इस मामले की जानकारी दी। कार्यालय की टीम ने मौके पर जाकर इसकी पड़ताल की। जहां पूरा गांव घटना को सही ठहरा रहा था। वहीं 13 साल की मासूम ने भी खुद आकर अपनी आपबीती सुनाई। इसके आधार पर खबर दी गई। इसका असर यह हुआ कि न केवल आला अधिकारी मौके पर पहुंचे बल्कि मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को हिरासत में लिया गया। घटना के बाद से जिस मासूम का मेडिकल तक नहीं कराया गया था उसका मेडिकल व अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही थी।
वर्जन
मौके पर जाकर पीड़िता और उसके परिजनों से बात की गई है। पीड़िता ने दुष्कर्म की बात बताया। जिसके बाद आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। जमीन विवाद होना भी बताया गया है।
संजय कुमार, एएसपी सिटी