पटेहरा। राजगढ़ विकास खंड क्षेत्र में ग्राम पंचायत देवपुरा के कलवारी माफी में वर्ष 2015-16 में निर्मित शवदाह गृह, शौचालय के निर्माण में गबन का आरोप लगाते हुए प्रधान पति ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। निवर्तमान प्रधान व सचिव पर चौदह लाख रुपये धन गबन करने का आरोप लगाया है। प्रधान पति जवाहर सिंह ने बताया कि निर्माण के लिए ग्राम पंचायत निधि के प्रथम खाते से चौदह लाख रुपये निकाल कर आधा-अधूरा निर्माण कराया गया।
प्रधान पति ने बताया कि शवदाह गृह के चबूतरे में सरिया डालनी थी। लेकिन बिना सरिया निर्माण कर दिया गया। जो पहली बरसात भी नही झेल पाया और उसका चबूतरा धंस गया। चहारदीवारी भी अधूूरी पड़ी है। कार्य पूरा किए बिना ही भुगतान करा लिया गया। इसकी लिखित शिकायत विभाग में की गई। लेकिन जांच नहीं हुई। इसपर प्रधान पति ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की । इस संबंध में पंचायत सहायक विकास अधिकारी पंकज वर्मा का कहना है कि प्रधान पति की ओर से मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई है। पत्रावली की मंगाई गई है। जांच कर रिपोर्ट भेजी जाएगी।