लालगंज। क्षेत्र के बामी गांव की महुवरिया बस्ती में बुधवार को दोपहर में जोरदार बारिश के बाद हाईवे की सड़क जलमग्न हो गई। नाली जाम होने के कारण कई घरों में पानी घुस गया। एसडीएम ने बृहस्पतिवार को सुबह लेखपाल को भेजकर नाली नाली की सफाई कराई, तब समस्या का समाधान हुआ।
बुधवार को क्षेत्र में तेज बारिश हुई। हाईवे किनारे की नाली जाम होने के कारण बारिश का पानी महुवरिया बस्ती के घरों में घुस गया। रफिउल्ला, अख्तर, असर्फुल, नसीर, अमीना, ननकाउ समेत कई लोगों के घरों में पानी घुसने से उनके परिवारों को रातभर जगना पड़ा। कई लोगों ने पड़ोसियों के घर में शरण ली। ग्रामीणों ने पंप लगाकर पानी निकालने की कोशिश की, तब भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। बृहस्पतिवार को सुबह एसडीएम संजीव कुमार यादव के निर्देश पर लेखपाल मौके पर पहुंचे।
जांच करने पर पता चला कि नाली पूरी तरह बंद है। इसके बाद एनएचएआई की निर्माण कंपनी डीबीएल ने जेसीबी लगवाकर नाली की सफाई कराई, तब पानी का बहाव शुरू हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि घरों में गंदगी भरी है और दीवारों में सीलन आ गई है। वहीं, एसडीएम संजीव कुमार यादव ने बताया कि नाली की सफाई करा दी गई है। बस्ती में अब जलभराव की समस्या नहीं होगी।