श्री त्रिमोहानी रामलीला कमेटी के तत्वावधान में की मंगलवार की भोर में प्रसिद्ध सप्तमी के भरत मिलाप की भव्य झांकियां निकाली गईं। त्रिमोहानी पर प्रभु श्रीराम-भरत जी का भावपूर्ण मिलन देखने के लिए भक्तों का रेला उमड़ पड़ा।
कमेटी की तरफ से श्रीरामचंद्र जी सहित चारों भाईयों की विधि विधान से पूजन-अर्चन व भव्य आरती की गई। इसके बाद परंपरागत तरीके से सप्तमी भरत मिलाप की नयनाभिराम झांकियां धूमधाम से निकाली गईं।
सप्तमी भरत मिलाप की भव्य झांकियां देखने नगर सहित आसपास के ग्राम्यांचलों से बड़ी संख्या में नर-नारी व बच्चे पहुंचे हुए थे, जिससे नगर के प्रमुख मार्ग व चौराहे दर्शकों से पटे रहे।
श्री त्रिमोहानी रामलीला कमेटी के समस्त पदाधिकारी व सदस्यगण बैज लगा कर आगे-आगे चल रहे थे। भरत मिलाप की भव्य झांकियों के निकलने के पूर्व त्रिमोहानी पर श्रीराम और भरत जी का भावपूर्ण मिलने देख भक्तजन भावविह्वल हो उठे।
इस अवसर पर जहां एक ओर पुष्पों की वर्षा की जा रही थी, वहीं जय श्रीराम के जयकारे से इलाका गुंजायमान हो रहा था।
आधी रात के बाद भरत मिलाप की नयनाभिराम झांकियां नगर के मुसफ्फरगंज से निकल कर अपने निर्धारित सड़कों से होते हुए पुन: त्रिमोहानी पहुंच कर श्रीराम के पूजन-अर्चन व आरती के बाद समाप्त ह़ुईं।
भरत मिलाप की भव्य झांकियों में संत कीनाराम और नागा मंडली सहित राधा-कृष्ण, जनक दुलारी श्रुतकीर्ति, मां काली, मां दुर्गा, बाबा भोलेनाथ, हनुमान जी व श्रीराम दरबार की मनोहारी झांकियों सहित कई अन्य झांकियां दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
जिस मार्ग से झांकियों को गुजरना था, उस मार्ग की रंग-बिरंगी रोशनी से की गई सजावट की छटा देेखते बन रही थी। भरत मिलाप की भव्य झांकियों को देखने के लिए नगर के साथ आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी नर-नारियों व बच्चों का जमावड़ा लगा रहा।
झांकियों के साथ कमेटी के पदाधिकारियों सहित हाथी-घोड़ा, बैंडबाजा, डीजे, शहनाई, ढोलताशा भी चल रहे थे।