मिर्जापुर। नगर पालिकाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बृहस्पतिवार को चेतगंज वार्ड का निरीक्षण किया। वार्ड के स्टीमर घाट की क्षतिग्रस्त सीढ़ियों के निर्माण के लिए अवर अभियंता को निर्देशित किया।
पैदल भ्रमण के 26वें दिन वे वार्ड के बल्ली का अड्डा, अमानगंज, गैबीघाट, चेतगंज रोड कोटघाट, सेकसरिया कॉलोनी, खंदवा नाला, इमामबाड़ा तिराहा, पवधा कॉलोनी में पहुंचे। मौनी अमावस्या के दिन स्नान करने आए श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की शिकायत पर अवर अभियंता को निर्देशित किया कि जल्द जल्द से ध्वस्त हुई सीढ़ियों का निर्माण कराएं। चेतगंज में निवासियों ने कहा कि यहां कई लोग कूड़ा फेंक देते हैं, जो मार्ग पर बिखरा रहता है। इसके लिए यहां एक डस्टबिन की आवश्यकता है। जिसपर नपाध्यक्ष ने सफाई निरीक्षक को डस्टबिन रखवाने का निर्देश दिया। चेतगंज वार्ड के हनुमान मंदिर पर स्थित एक प्राचीन कुएं के सुंदरीकरण एवं मंदिर परिसर में ही एक मिनी ट्यूबवेल लगाने का निर्देश दिया। इस मौके पर कैलाश यादव, क्रांति व्यास, छोटे लाल गुप्ता, आनंद पाण्डेय, प्रमोद जायसवाल, विवेक शर्मा, दयाशंकर शर्मा, रविन्द्र जायसवाल, संजय यादव, अर्जुन गुप्ता, संजय जायसवाल, दिनेश जायसवाल, राजकुमार यादव, राजाराम यादव आदि मौजूद रहे।