जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामराज सिंह पटेल के नेतृत्व में शुक्रवार को करीब पांच सौ ग्रामीणों ने सड़क पर उतर कर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नाराज ग्रामीण कैलहट बाजार पहुंच कर नेशनल हाई-वे को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणाें की मांग थी कि कैलहट बाजार से पड़री तक पूरी तरह से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क खराब होने से छोटे-बड़े वाहनों सहित अन्य लोगाें को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों की मांग थी कि किसानाें को दिन में भी बिजली आपूर्ति की जाए, जिससे उनको खेती-किसानी करने में परेशानी न उठानी पड़े। मांग किया गया कि लो-वोल्टेज के चलते जहां पंपिंग सेट नहीं चल पा रहे हैं, वहीं जर्जर विद्युत पोल व तार को न बदले जाने से आए दिन आपूर्ति ठप हो जाती है।
इस संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियाें को कई बार मांग की गई, लेकिन रिजल्ट नहीं निकला। राजमार्ग पर जाम लगने से मार्ग के दोनाें तरफ छोटे-बड़े वाहनाें की लंबी कतार लग गई थी, जिससे यात्रियाें को असुविधा का सामना करना पड़ा। अपरान्ह पौने तीन बजे मौके पर पहुंचे कोतवाल चुनार पीसी यादव ने ग्रामीणों का दो सूत्री ज्ञापन लिया और समझा-बुझा कर जाम समाप्त कराया।
इस दौरान राजेंद्र सिंह, रमेश मिश्र, विमल शर्मा, महेंद्र प्रताप सिंह, परमानंद सिंह, डब्बू मिश्र, लाल बहादुर, शोभनाथ, संतोष, राजेंद्र, अशोक, चंद्रशेखर, प्रमोद, सुरेंद्र, उपेंद्र, विवेकानंद सिंह, रणजीत सिंह, गुलाब यादव, बसंत लाल, सत्य नारायण सिंह, दीनानाथ सिंह, गंगेश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।