चुनार रेलवे जंक्शन पर पुरी से नई दिल्ली के बीच रोजाना चलने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन के विधिवत ठहराव का शुभारंभ सांसद अनुप्रिया पटेल द्वारा किया गया। करछना में ट्रेन का इंजन फेल होने के कारण गुरुवार को ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह नौ बजे से करीब सवा घंटे विलंब से प्लेटफार्म नंबर दो पर 10 बज कर 18 मिनट पर पहुंची।
हरी झंडी दिखा कर सांसद ने ट्रेन को मुगलसराय की ओर रवाना किया। वर्षों से चुनार रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रही जनता में विशेष उत्साह नजर आया। पहले दिन ट्रेन से पुरी जाने वाले तीर्थयात्री दिनेश गुप्ता ने कहा कि अब यात्रा आसान हो गई है। गया जा रही महिला यात्री विनिता सिंह ने कहा कि अब दिन में ट्रेन होने से काफी राहत मिली है।
स्टेशन अधीक्षक एसएन शर्मा ने बताया कि पुरी से आने वाली 2801 अप शाम छह बजे और नई दिल्ली से आने वाली 2802 डाउन सुबह नौ बजे चुनार आएगी। जिसका ठहराव दो मिनट होगा।
इस दौरान स्टेशन परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह में चुनार वासियों की ओर से सांसद अनुप्रिया पटेल का भव्य स्वागत किया गया। समाजसेवी मंसूर अहमद ने रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन के बीच रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण की मांग की। पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा ने लोकल ट्रेन चलाने के लिए पत्रक सांसद को सौंपा। संचालन भाजपा के हरीशंकर सिंह ने किया।